70 वर्षों पुरानी जलनिकासी समस्या का समाधान, बसंतीपुर में 25 लाख की लागत से नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास

Spread the love


रुद्रपुर। विधानसभा रुद्रपुर के बसंतीपुर क्षेत्र में दशकों से चली आ रही जलनिकासी की गंभीर समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक शिव अरोरा ने 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाली लगभग आधा किलोमीटर लंबी नाली निर्माण परियोजना का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। क्षेत्रवासियों ने इस अवसर पर विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड


बसंतीपुर गांव की स्थापना वर्ष 1952 में हुई थी। तब से लेकर आज तक ग्रामीण हर वर्ष बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से जूझते रहे हैं। बारिश के दिनों में सड़कों और गलियों में पानी भर जाने से लोगों का आवागमन प्रभावित होता था। विशेष रूप से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शिव अरोरा ने कहा कि बसंतीपुर के लोगों को पिछले सात दशकों से जलनिकासी जैसी मूलभूत समस्या का सामना करना पड़ रहा था। 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह नाली बरसात के समय होने वाले जलभराव से क्षेत्र को राहत दिलाएगी और ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाएगी।
उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में ऐसे कई विकास कार्य हुए हैं, जिनकी वर्षों तक उपेक्षा होती रही। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया गया, लेकिन पूर्व जनप्रतिनिधियों द्वारा केवल घोषणाएं की जाती रहीं और समस्या जस की तस बनी रही। कई पीढ़ियां इस परेशानी को झेलते हुए गुजर गईं, लेकिन समाधान नहीं हो सका।
विधायक ने कहा कि अब नाली निर्माण के बाद बसंतीपुर क्षेत्र को स्थायी राहत मिलेगी और बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों का अंत होगा। उन्होंने विकास कार्यों को प्राथमिकता देने और जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने का भरोसा भी दिलाया।
कार्यक्रम में गदरपुर ब्लॉक प्रमुख पति प्रति ग्रोवर, मंडल अध्यक्ष जगदीश विश्वास, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश बजाज, अजितेश पाइक, मनोज मिस्त्री, मनोज मंडल, अर्जुन कुमार, भोला, इंद्रपाल चौधरी, अरविंद कुमार, विजय प्रसाद, प्रदीप, मुकेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


Spread the love