विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर निर्वाचन कर्मियों का प्रशिक्षण, डिजिटाइजेशन प्रक्रिया की दी गई जानकारी

Spread the love


रुद्रपुर, 03 जून 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाए जा रहे निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को त्रुटिरहित, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशन में विधानसभा क्षेत्र रुद्रपुर, नानकमत्ता और काशीपुर में द्वितीय चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड


रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए जिला सभागार में आयोजित प्रशिक्षण में एसएलएमटी उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय तथा डीएलएमटी विनय कुमार ने बीएलओ सुपरवाइजरों, बीएलओ, पदाभिहित अधिकारियों और आईटी कार्मिकों को तीन पालियों में प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्वाचन कार्य से संबंधित तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारियों से अवगत कराया गया।
उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय ने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने का आह्वान करते हुए कहा कि फील्ड में किसी प्रकार की समस्या से बचने के लिए सभी प्रक्रियाओं को अच्छी तरह समझना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि किसी विषय को लेकर कोई शंका हो तो प्रशिक्षण के दौरान ही प्रशिक्षकों से उसका समाधान प्राप्त कर लें।
प्रशिक्षण सत्र में गणना प्रपत्रों को मतदाताओं तक समय पर पहुंचाने, प्राप्त प्रपत्रों को मोबाइल एप के माध्यम से सफलतापूर्वक डिजिटाइज करने तथा जिन मतदाताओं से प्रपत्र वापस प्राप्त नहीं हो सके हैं, उनके दस्तावेजों के डिजिटाइजेशन की विशेष प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। डिजिटल प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पूरी कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार दिनेश कुटौला सहित पदाभिहित अधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ तथा आईटी कार्मिक मौजूद रहे। जिला प्रशासन का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाते हुए मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है।


Spread the love