हल्द्वानी,देहरादून। 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस बीच उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) के नेताओं सुशील उनियाल और भुवन बिष्ट ने राज्य की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों में भाजपा और कांग्रेस ने उत्तराखंड की जनता को केवल वादे दिए, लेकिन जमीनी विकास नहीं हुआ।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड
दोनों नेताओं ने संयुक्त बयान में कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी, भर्ती घोटाले और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं का भविष्य अंधकारमय कर दिया है। बेरोजगारी और लगातार बढ़ते पलायन के कारण हजारों परिवार अपने गांव छोड़ने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड के जंगल, जमीन और जल संसाधनों का लगातार दोहन हो रहा है, जबकि स्थानीय लोगों को इसका कोई वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा।
सुशील उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड में निर्णय लेने की प्रक्रिया अत्यधिक केंद्रीकृत हो चुकी है और स्थानीय जरूरतों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए स्थानीय लोगों की भागीदारी और स्थानीय हितों को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
भुवन बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल राज्य के मूल मुद्दों को लेकर संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि उक्रांद की प्राथमिकता स्थानीय युवाओं को रोजगार, शिक्षा और व्यापार में अवसर प्रदान करना है। पार्टी स्थानीय युवाओं के लिए नौकरी और रोजगार में 80 प्रतिशत प्राथमिकता की नीति, पारदर्शी शासन व्यवस्था, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन तथा प्राकृतिक संसाधनों पर स्थानीय लोगों के अधिकार की पक्षधर है।
नेताओं ने कहा कि पर्यटन, कृषि, जड़ी-बूटी, हस्तशिल्प और लघु उद्योगों को बढ़ावा देकर प्रत्येक जिले में रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, इंटरनेट, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने कहा कि रानीखेत और अल्मोड़ा की तर्ज पर पर्यावरण अनुकूल नए नियोजित शहर विकसित किए जाने चाहिए, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ें और पलायन पर प्रभावी रोक लग सके।
सुशील उनियाल और भुवन बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड को ईमानदार, पारदर्शी और जनभागीदारी आधारित शासन की आवश्यकता है। उन्होंने जनता से 2027 में बदलाव के लिए आगे आने और उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास हेतु उत्तराखंड क्रांति दल को समर्थन देने की अपील की।
“हमारा संकल्प है—वादे नहीं, ठोस काम; हर युवा को सम्मान और रोजगार; और उत्तराखंड के संसाधनों पर पहला हक उत्तराखंड के लोगों का।” उन्होंने कहा कि एक आत्मनिर्भर, समृद्ध और खुशहाल उत्तराखंड का निर्माण ही उक्रांद का लक्ष्य है।
