त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के कारण 17 जून का तहसील दिवस स्थगित, अब 24 जून को होगा आयोजन

रुद्रपुर/जसपुर।आगामी त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 की तैयारियों के बीच जिलाधिकारी उधम सिंह नगर द्वारा एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 17 जून 2025 को प्रस्तावित तहसील दिवस को स्थगित कर दिया गया है। अब यह तहसील दिवस 24 जून 2025 को आयोजित किया जाएगा।

संवाददाता,शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स /उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह बिष्ट

यह निर्णय पंचायत चुनावों से संबंधित आपत्तियों की सुनवाई एवं प्रशासनिक व्यस्तताओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जसपुर तहसील में आयोजित होने वाले तहसील दिवस के साथ-साथ जनपद की सभी तहसीलों में 17 जून को प्रस्तावित सभी तहसील दिवस कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है।

जिलाधिकारी महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अब सभी तहसीलों में आगामी तहसील दिवस 24 जून 2025 (मंगलवार) को पूर्व निर्धारित स्थानों पर ही आयोजित किए जाएंगे। इस आशय की सूचना समस्त उप जिलाधिकारियों, संबंधित अधिकारियों एवं आमजन तक पहुंचा दी गई है।

प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे नियत तिथि 24 जून को ही अपने मामलों और समस्याओं के निवारण हेतु तहसील दिवस में प्रतिभाग करें। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित तिथि को अधिकतम शिकायतों के त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण हेतु तैयार रहें।

यह कदम पंचायत चुनावों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने एवं प्रशासनिक दायित्वों के सुचारू निर्वहन हेतु आवश्यक माना जा रहा है।

Advertisement