रुद्रपुर, 19 जुलाई। ऊधम सिंह नगर जिला आपदा परिचालन केंद्र (DEOC) की रविवार सुबह 8:30 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में बादल छाए हुए हैं। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
पिछले 24 घंटों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। काशीपुर में सर्वाधिक 30 मिमी, जबकि जसपुर में 24 मिमी, रुद्रपुर में 22 मिमी, बाजपुर में 17.50 मिमी, खटीमा में 7 मिमी, किच्छा में 5 मिमी, गदरपुर में 4 मिमी तथा सितारगंज में 3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
जिले की सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से काफी नीचे बना हुआ है। बेगुल (सुखी), कैलाश, जगबूढ़ा, परवीन, देवहा, कामन और गौला नदी सहित सभी नदियां सामान्य स्थिति में हैं। मुख्य शारदा नहर का जलस्तर 11,242 क्यूसेक दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर के निकट होने के बावजूद निर्धारित सीमा के भीतर है।
जिले के बैगुल, नानक सागर, शारदा सागर, बौर, हरिपुरा, तुमरिया और धौरा जलाशयों का जलस्तर भी सामान्य श्रेणी में बना हुआ है। किसी भी जलाशय से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी है।
जिला आपदा परिचालन केंद्र के अनुसार जिले में सड़क, संचार, विद्युत और पेयजल आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है तथा कहीं से भी किसी प्रकार की आपदा या जनहानि की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा नदी-नालों के किनारे अनावश्यक रूप से जाने से बचें। फिलहाल जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।
