रुद्रपुर काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण में ऐतिहासिक पहल: डक्टिंग से होगी अंडरग्राउंड यूटिलिटी शिफ्टिंग, विधायक शिव अरोरा

Spread the love


रुद्रपुर। काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण को लेकर रुद्रपुर के विधायक शिव अरोरा ने एक बड़ी और ऐतिहासिक पहल की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर कुमाऊं का पहला ऐसा शहर होगा, जहां काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण के दौरान पानी की लाइनें और विद्युत तार डक्टिंग प्रणाली के माध्यम से अंडरग्राउंड शिफ्ट किए जाएंगे। इससे शहर को तारों के जाल से स्थायी निजात मिलेगी और आधुनिक शहरी ढांचे की दिशा में रुद्रपुर एक मिसाल बनेगा।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी


इस महत्वपूर्ण परियोजना को लेकर विधायक शिव अरोरा ने अपने कार्यालय में लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी), जल संस्थान और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में काशीपुर बाईपास तथा इंद्रा चौक से अटरिया मंदिर तक प्रस्तावित चौड़ीकरण कार्य से जुड़ी सभी तकनीकी औपचारिकताओं को अंतिम रूप दिया गया।
विधायक अरोरा ने बताया कि बीते 19 दिसंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उनके नेतृत्व में लोक निर्माण सचिव पंकज पाण्डेय, पीडब्लूडी के एचओडी तथा जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी, जिसमें काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण कार्य को लेकर सभी तकनीकी प्रक्रियाएं पूर्ण कर ली गई हैं। इस पर लोक निर्माण सचिव पंकज पाण्डेय ने भी अपनी सहमति प्रदान कर दी है।
बैठक में जल संस्थान और विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि आगामी एक सप्ताह के भीतर यूटिलिटी शिफ्टिंग का डिज़ाइन तैयार कर पीडब्लूडी को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद पीडब्लूडी द्वारा प्रस्ताव को वित्तीय स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा और स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण कार्य के तहत सड़क दोनों ओर से 60-60 फीट चौड़ी बनाई जाएगी, जिससे क्षेत्र को जाम की गंभीर समस्या से मुक्ति मिलेगी और यातायात सुगम होगा। उन्होंने तीनों विभागों को निर्देश दिए कि सभी औपचारिकताओं को बिना किसी देरी के शीघ्र पूरा किया जाए।
इसके साथ ही विधायक अरोरा ने डीडी चौक से अटरिया मोड़ तक स्वीकृत सौंदर्यीकरण व चौड़ीकरण कार्य की प्रगति पर असंतोष जताया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत इस परियोजना के लिए प्राधिकरण को 32 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है। इंद्रा चौक से डीडी चौक तक पहले चरण का कार्य शुरू तो हुआ, लेकिन तकनीकी खामियों और विभागीय सुस्ती के कारण अपेक्षित गति नहीं पकड़ सका। इस पर विधायक ने पीडब्लूडी, जल संस्थान और विद्युत विभाग के अधिकारियों को कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पेड़ कटान का कार्य पूर्ण होते ही जल लाइन और विद्युत पोल शिफ्टिंग का कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए।
बैठक में पीडब्लूडी के अधीक्षण अभियंता अनिल पांगती, अधिशासी अभियंता गजेंद्र कुमार, ईई केशव लाल, जेई हरीश बसेड़ा, विद्युत विभाग खंड-1 से अधिशासी अभियंता उमाकांत त्रिपाठी, जेई अरुण, खंड-2 से अधिशासी अभियंता राजीव चक्रवती, एसडीओ अनु अरोरा, जेई शुभम तथा जल संस्थान से अधिशासी अभियंता चेतन कुमार उपस्थित रहे।


Spread the love