रुद्रपुर में पांच दिवसीय ऑल इंडिया ओपन शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ, देशभर के 260 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

Spread the love


रुद्रपुर, 22 अप्रैल 2026। ऑल इंडिया शतरंज फेडरेशन एवं उत्तराखंड शतरंज फेडरेशन के तत्वावधान में देवभूमि शतरंज एसोसिएशन द्वारा भारतीयम इंटरनेशनल स्कूल, लालपुर रुद्रपुर में आयोजित पांच दिवसीय स्वर्गीय श्री धीरज सिंह रघुवंशी मेमोरियल ओपन शतरंज प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एशिया फेंसिंग फेडरेशन के अध्यक्ष राजीव मेहता तथा शतरंज फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष भरत सिंह चौहान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)


प्रतियोगिता में देशभर से करीब 260 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने पहुंचे हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि शतरंज ऐसा खेल है जिसे कोई भी व्यक्ति कभी भी और कहीं भी खेल सकता है। आज इंटरनेट के माध्यम से शतरंज की सभी तकनीक और जानकारियां आसानी से उपलब्ध हैं, जिससे बच्चे इसे सहजता से सीख सकते हैं।
उन्होंने कहा कि शतरंज दिमाग को तेज करने वाला खेल है और नियमित रूप से इसे खेलने वाले लोगों में बुढ़ापे के दौरान मानसिक अवसाद की संभावना भी कम रहती है। जिलाधिकारी ने रुद्रपुर में इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन के लिए ऑल इंडिया शतरंज फेडरेशन और उत्तराखंड शतरंज फेडरेशन को बधाई दी।
उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल को केवल मनोरंजन नहीं बल्कि लक्ष्य बनाकर खेलें और नियमित अभ्यास करें, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रैंक हासिल कर भविष्य में ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी देश का प्रतिनिधित्व कर सकें।
इस अवसर पर देवभूमि शतरंज एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय चड्ढा, महासचिव मनोज खेड़ा, ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. डीके सिंह, संजवी चौधरी, सीमा सिंह तथा भारतीयम इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्य रश्मि आनंद सहित शतरंज फेडरेशन के कई पदाधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।


Spread the love