धामी सरकार में टूटे विकास के रिकॉर्ड: कैड़ा, रुद्रपुर को मिली करोड़ों की सौगात

Spread the love



रुद्रपुर। उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को अपने प्रथम रुद्रपुर दौरे के दौरान नगर निगम क्षेत्र को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। नगर निगम परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मंत्री ने विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया और कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि धामी सरकार ने विकास के ऐसे रिकॉर्ड बनाए हैं, जिन्हें पूर्ववर्ती सरकारें छू भी नहीं सकीं।
कार्यक्रम में मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य कर रही है और रुद्रपुर के समग्र विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी प्रतिदिन लगभग 20 घंटे प्रदेश की सेवा में समर्पित रहते हैं और उनकी कार्यशैली ने विकास को नई गति दी है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)


इस दौरान जिन विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया उनमें वार्ड संख्या-38 में राजकुमार खनिजो के होटल से रमेश कालड़ा के घर तक नाला निर्माण एवं पुलिया निर्माण कार्य शामिल है, जिसकी लागत 40.15 लाख रुपये है। इसके अलावा वार्ड संख्या-28 स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में 48.19 लाख रुपये की लागत से अस्थायी टीनशेड, सीसी सड़क और नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
देवभूमि जयंती योजना के तहत वार्ड संख्या-03 ट्रांजिट कैंप स्थित सुभाष पार्क के सौंदर्यीकरण एवं कायाकल्प के लिए 1.59 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न वार्डों में 4.94 करोड़ रुपये की लागत से हॉटमिक्स सड़क निर्माण कराया जाएगा। वहीं क्षतिग्रस्त सड़कों के नवीनीकरण के लिए 4.85 करोड़ रुपये की अलग योजना का शिलान्यास किया गया। नगर निगम की बाउंड्रीवाल और नए मुख्य द्वार के निर्माण हेतु भी 94.14 लाख रुपये की योजना का शुभारंभ किया गया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री कैड़ा ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक महिलाओं के नाम पर राजनीति की, लेकिन उन्हें वास्तविक अधिकार नहीं दिए। उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस हमेशा विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करती रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव है, जिसका सीधा लाभ प्रदेश को मिल रहा है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के कारण विकास योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में जनता फिर भाजपा को भारी बहुमत देकर सरकार की हैट्रिक सुनिश्चित करेगी।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा की कार्यशैली की भी खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महापौर के केवल एक वर्ष के कार्यकाल में शहर की तस्वीर बदलने लगी है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में स्थापित अत्याधुनिक वेंडिंग जोन पूरे प्रदेश के लिए मॉडल बन चुका है और इसे अन्य शहरों में भी लागू किया जाएगा।
रुद्रपुर आगमन पर मंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। नैनीताल रोड से लेकर नगर निगम परिसर तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। भारी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग स्वागत में शामिल रहे।
मंत्री ने सबसे पहले शहर के वेंडिंग जोन का निरीक्षण किया, जहां लघु व्यापारियों और महिला स्वयं सहायता समूहों ने उनका स्वागत किया। यहां मंत्री ने एक जूस की दुकान पर रुककर जूस पिया और उसका ऑनलाइन भुगतान भी किया। उन्होंने कहा कि यह वेंडिंग जोन छोटे व्यापारियों को सम्मानजनक स्थान देने का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इसके बाद मंत्री त्रिशूल चौक पहुंचे, जहां उन्होंने स्थापित विशाल त्रिशूल का अवलोकन किया और इसे सनातन संस्कृति का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि शहर के सौंदर्यीकरण के साथ सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करना भी महत्वपूर्ण है।
किच्छा रोड स्थित उस स्थल का भी उन्होंने निरीक्षण किया जहां पहले कूड़े का बड़ा ढेर हुआ करता था। अब वहां सुंदर पार्क विकसित किया गया है। मंत्री ने इसे “वेस्ट टू वेल्थ” का शानदार उदाहरण बताते हुए कहा कि रुद्रपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है।
नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा ने मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य रुद्रपुर को उत्तराखंड का सबसे विकसित और व्यवस्थित शहर बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से कई बड़ी परियोजनाएं जल्द धरातल पर दिखाई देंगी।
महापौर ने कहा कि शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान, बेहतर सड़कें, पार्क, नालियां, स्वच्छता और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हुआ है, उन्हें तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, पूर्व मेयर रामपाल सिंह, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, अमित नारंग, अनिल चौहान, धीरेन्द्र मिश्रा, मोहन तिवारी, हिमांशु शुक्ला, तरुण दत्ता, वेद ठुकराल, घनश्याम श्यामपुरिया, यशपाल घई, राकेश सिंह, पार्षद शालू पाल, चिराग कालरा, राजेंद्र राठौड़, मानवेंद्र राय, नीतू राय, कमल पाल, शुभम दास, पवन राना, संदीप वाल्मीकि, सोनू मुल्तानी, मुकेश राजोरिया, राजन राठौर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
रविवार का यह दौरा रुद्रपुर के लिए विकास की नई उम्मीदें लेकर आया। करोड़ों की योजनाओं के शिलान्यास के साथ यह संदेश स्पष्ट हो गया कि आने वाले समय में शहर में विकास कार्यों की रफ्तार और तेज होने वाली है।


Spread the love