रुद्रपुर, 10 अगस्त। ऊधम सिंह नगर जिले में सोमवार सुबह मौसम बादलों से घिरा रहा। जिले के कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) की ओर से सुबह 8:30 बजे जारी दैनिक रिपोर्ट के अनुसार जिले में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 28 मिमी बारिश सितारगंज में दर्ज हुई। काशीपुर में 18 मिमी, रुद्रपुर और खटीमा में 1-1 मिमी बारिश हुई। जसपुर, बाजपुर, गदरपुर और किच्छा में बारिश दर्ज नहीं हुई।
नदियों का जलस्तर सामान्य
जिले की प्रमुख नदियों में जलप्रवाह फिलहाल सामान्य स्थिति में है। सुखी/बेगुल नदी में 1320 क्यूसेक, कैलाश नदी में 6055 क्यूसेक, जगबूड़ा नदी में 2160 क्यूसेक, परवीन नदी में 580 क्यूसेक और देवहा नदी में 2830 क्यूसेक जलप्रवाह दर्ज किया गया। कामन नदी में 2000 क्यूसेक पानी दर्ज हुआ।
ढेला, फिका, गौला और कल्याणी नदियों में जलप्रवाह शून्य दर्ज किया गया। मुख्य शारदा नहर में 11,242 क्यूसेक जलप्रवाह दर्ज हुआ। रिपोर्ट के अनुसार सभी नदियों की स्थिति सामान्य बनी हुई है।
जलाशयों में भी स्थिति सामान्य
जिले के प्रमुख जलाशयों में भी जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। बैगुल जलाशय का जलस्तर 675.69 फीट, नानक सागर का 694 फीट, शारदा सागर का 604.30 फीट, बौर का 782.60 फीट, हरिपुरा का 783 फीट, तुमड़िया का 834.80 फीट और धौरा जलाशय का 699.50 फीट दर्ज किया गया।
बैगुल जलाशय से 300 क्यूसेक और शारदा सागर डैम से 764 क्यूसेक डाउनस्ट्रीम डिस्चार्ज दर्ज हुआ। अन्य जलाशयों से डाउनस्ट्रीम डिस्चार्ज शून्य या निल बताया गया है।
सड़क, बिजली और पेयजल व्यवस्था सामान्य
DEOC की रिपोर्ट के अनुसार जिले में सड़क, संचार, विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। फिलहाल जिले में नदी-नालों और जलाशयों की स्थिति को लेकर किसी गंभीर खतरे की सूचना दर्ज नहीं की गई है।
ऊधम सिंह नगर में बादल छाए, कुछ स्थानों पर बारिश, नदियों और जलाशयों की स्थिति सामान्य
