काशीपुर/रायपुर। मिनी गोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 25 से 30 जून 2026 तक रायपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित 11वीं राष्ट्रीय सीनियर (महिला/पुरुष) मिनी गोल्फ चैंपियनशिप में उत्तराखंड प्रदेश की सीनियर महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड ने कुल 1 स्वर्ण और 3 कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
महिला टीम में कशिश शर्मा, अंजलि गंगवार, प्रेरणा नेगी, मनजोत कौर, भूमिका, कशिश, वंशिका और श्वेता भाकुनी ने उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। टीम मैनेजर डॉ. नागेंद्र शर्मा ने बताया कि महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को कुल चार पदक दिलाए।
स्ट्रोक इवेंट के महिला सिंगल्स वर्ग में अंजलि गंगवार ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि महिला डबल्स में कशिश और वंशिका की जोड़ी ने कांस्य पदक जीता। पुरुष वर्ग में अभय बिष्ट, संजय भट्ट, सुनिश्चित, निष्कर्ष चौधरी, ध्रुव विरमानी और एन.वी. खान ने टीम इवेंट में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं स्पीड इवेंट में योगेश पाण्डेय और श्वेता भाकुनी ने कांस्य पदक जीतकर उत्तराखंड की पदक तालिका में इजाफा किया।
द मिनी गोल्फ एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव डॉ. राहुल चंद्रा ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पूर्व खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर सत्येंद्र चंद्र गुड़िया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड लॉ कॉलेज, काशीपुर में आयोजित किया गया था, जिसका लाभ खिलाड़ियों के प्रदर्शन में स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
टीम की इस उपलब्धि पर एसोसिएशन के अध्यक्ष डी.के. शर्मा सहित डॉ. नीरज आत्रेय, डॉ. दीपिका गुड़िया, डॉ. निमिषा अग्रवाल, उपाध्यक्ष पवन कुमार बक्शी, प्रो. अवधेश नारायण सिंह, डॉ. राजेश कुमार, लोकेश पांडे, अपजीत सिंह बहेल, मनप्रीत सिंह, दीपक गुप्ता, ज्योति साह, प्रगति दुमका, जया पांडे, ममता मिलकानी तथा विभिन्न खेल संगठनों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों एवं टीम प्रबंधन को बधाई दी।
