इसके बाद जत्थेबंदियों ने खुशी जताई है। दूसरी ओर पुलिस प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
कर्णप्रयाग में 16 जून को निहंग और स्थानीय लोगों के बीच विवाद के बाद चार निहंगों को गिरफ्तार किया गया था। शनिवार को 8 जमानतियों के साथ बांड की शर्तों को कोर्ट में पूरा किया गया। देर रात कड़ी सुरक्षा में निहंगों को जेल से बाहर लाया गया। करीब रात आठ बजे सतविंदर सिंह, अजय सिंह, जसनप्रीत सिंह और मनप्रीत सिंह परिजनों समेत रवाना हुए।
50-50 हजार रुपये के मुचलके पर जमानत
हमले के मामले में गिरफ्तार चार निहंग सिखों को चमोली गोपेश्वर के जिला एवं सत्र न्यायालय ने शनिवार को जमानत दे दी। न्यायाधीश विंध्याचल सिंह ने आरोपी सतविंदर सिंह, अजय सिंह, जसनप्रीत सिंह और मनप्रीत सिंह निवासीगण मोहाली पंजाब को कर्णप्रयाग कोर्ट में 50-50 हजार रुपये के निजी मुचलके और समान धनराशि के दो-दो जमानती पेश करने के आदेश दिए। इसके बाद आरोपियों को रिहा कर दिया गया।
निहंग मनप्रीत एम्स से जल्द ही होंगे डिस्चार्ज
कर्णप्रयाग में निहंग सिखों के साथ स्थानीय लोगों के विवाद के बाद घायल एक निहंग एम्स ऋषिकेश में भर्ती है। 23 साल के निहंग के पैर में फ्रैक्चर है, जिसमें रॉड डाली गई है। 23 साल के मनप्रीत को संस्थान के ट्रामा वार्ड में भर्ती किया गया है। शनिवार को पंजाब निवासी निहंग के गांव लोग भी उससे मिलने पहुंचे। एम्स के जनसंपर्क अधिकारी संदीप कुमार सिंह ने बताया कि निहंग की स्थिति ठीक है।
देहरादून की सीमाओं पर बढ़ी सतर्कता
कर्णप्रयाग और नगरासू में हुए विवाद के बाद कुल्हाल बॉर्डर पर तनाव को देख पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कुल्हाल समेत देहरादून जिले की सभी अंतरराज्यीय सीमाओं पर सुरक्षा की व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। निहंगों के संभावित कूच को लेकर इंटेलिजेंस भी लगातार निगरानी कर रही है।
नगरासू प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई
रुद्रप्रयाग के नगरासू में हुई घटना को लेकर शनिवार को पीपलचैरी के समीप सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों ने इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग उठाई। इस दाैरान डॉ. मुकेश सेमवाल, भरत असवाल और सरस्वती देवी समेत कई लोगों ने साफ कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों का हमेशा स्वागत किया जाता है।
