देहरादून में बेरोजगार युवाओं का सचिवालय कूच, पुलिस से तीखी झड़प; बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश से बढ़ा तनाव

Spread the love



देहरादून।राजधानी देहरादून में मंगलवार को उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले सैकड़ों बेरोजगार युवाओं ने सचिवालय कूच कर राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी हाल के छात्र आंदोलनों की तर्ज पर भर्ती प्रक्रियाओं को शीघ्र शुरू करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
सचिवालय की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग लगाकर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान युवाओं और पुलिस के बीच तीखी बहस, धक्का-मुक्की और झड़प हुई। कई प्रदर्शनकारी बैरिकेड हटाने और उन पर चढ़कर आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वॉटर कैनन को भी अलर्ट मोड पर रखा गया। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने की अपील करती रही।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रियाएं लंबित हैं, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि सरकार भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा रही है।
फिलहाल सचिवालय क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण रही, हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी बड़े नुकसान या गंभीर घायल होने की सूचना सामने नहीं आई थी।


Spread the love