राजेश कोली हत्याकांड: परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए किया प्रदर्शन



ठुकराल के नेतृत्व में परिजनों और मोहल्लेवासियों ने उठाई आवाज, हथियारों और वारदात में इस्तेमाल वाहन की बरामदगी की मांग; पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दिया भरोसा

अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर


रुद्रपुर। रम्पुरा निवासी राजेश कोली हत्याकांड में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बावजूद शेष आरोपियों के फरार रहने से मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश बना हुआ है। परिवार को न्याय दिलाने और हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाने की मांग को लेकर सोमवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल परिजनों और मोहल्लेवासियों के साथ रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे। ठुकराल के नेतृत्व में लोगों ने कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया और पुलिस से फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने कहा कि राजेश कोली की हत्या के मामले में अभी तक केवल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि वारदात में शामिल अन्य आरोपी फरार हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों और वाहन की बरामदगी भी नहीं हुई है। परिजनों का कहना था कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और वारदात से जुड़े सभी साक्ष्य बरामद नहीं किए जाते, तब तक परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद अधूरी रहेगी।
इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने परिजनों की मांगों को प्रमुखता से पुलिस अधिकारियों के सामने रखा। उन्होंने कहा कि एक परिवार ने अपना जवान बेटा खोया है। इस दुख की भरपाई कोई नहीं कर सकता, लेकिन परिवार को न्याय दिलाना पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बचने का अवसर नहीं मिलना चाहिए। सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा वारदात में इस्तेमाल हथियारों और वाहन को भी बरामद किया जाए।
ठुकराल ने पुलिस अधिकारियों से मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभावी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाने की मांग की। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि उनकी आवाज को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और न्याय की मांग को लेकर वह उनके साथ खड़े रहेंगे।
कोतवाली में प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल की एसएसआई खुशवंत सिंह और महेश कांडपाल से वार्ता हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। जल्द ही शेष आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि गुरुवार रात रुद्रपुर रोडवेज बस स्टेशन के पास दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव की घटना हुई थी। इस दौरान रम्पुरा वार्ड संख्या 22 निवासी राजेश कोली गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार सुबह उपचार के दौरान राजेश ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। रविवार को पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और घटनाक्रम का सीन रीक्रिएशन कराया। इस दौरान फॉरेंसिक टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर खून से सना पत्थर सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके बावजूद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने और वारदात में प्रयुक्त हथियारों तथा वाहन की बरामदगी न होने से परिजनों का आक्रोश बना हुआ है।
सोमवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे परिजनों ने एकजुट होकर पुलिस से मांग की कि हत्याकांड की जांच को तेजी से आगे बढ़ाते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
प्रदर्शन में ये लोग रहे मौजूद: पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, छात्र संघ सचिव गुरबाज सिंह, कुंवर पाल कोली, रामसेवक कोली, दिनेश कोली, रोहित कोली, मृतक की पत्नी नेहा, माता सुनीता, पप्पू कोली, गब्बर कोली, गंगाराम कोली, राजू कोली, सुरेश कोली, नन्ने कोली, नंदिनी, रोशनी कोली, ममता कोली, आशा कोली, भगवान देवी, यादव देवी, नन्हे मिस्त्री, कमला देवी, सपना कोली, राजू गंगवार, मुकेश कोली, पुष्पा कोली, नन्ही कोली, दीपक, अमन श्रीवास्तव, सियाराम कोली, अरुण आर्या, अनिल कोली, केरू मंडल और ललित सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | अवतार सिंह बिष्ट, उत्तराखंड देश-दुनिया की खबरों पर नजर