10 अक्टूबर सुबह 9 बजे तक संबंधित एसडीएम कार्यालयों में देनी होगी उपस्थिति, ड्रोन से होगा फसलों की क्षति का सर्वेक्षण
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर और गदरपुर क्षेत्र में 9 अक्टूबर 2026 को हुई अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान से फसलों को हुए नुकसान के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने और नियमानुसार मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तेज करने के लिए प्रशासन ने आगामी पांच दिनों तक विभिन्न अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स अवतार सिंह बिष्ट रूद्रपुर उत्तराखंड
जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में फसलों की क्षति का आकलन करने, किसानों की सूची तैयार करने और मुआवजा संबंधी कार्यों में उप जिलाधिकारी बाजपुर एवं उप जिलाधिकारी गदरपुर को सहयोग दिया जाएगा। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को 10 अक्टूबर की सुबह 9 बजे तक अपने आवंटित एसडीएम कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
ड्रोन से होगा नुकसान का आकलन
प्रशासन ने सर्वेक्षण कार्य को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को ड्रोन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। राजस्व विभाग के कार्मिक प्रभावित क्षेत्रों में स्थलीय निरीक्षण कर फसलों को हुए नुकसान का आकलन करेंगे। इसके आधार पर प्रभावित कृषकों की सूची तैयार की जाएगी, ताकि नियमानुसार मुआवजा वितरण की कार्रवाई की जा सके।
आदेश के तहत उप जिलाधिकारी जसपुर, काशीपुर, रुद्रपुर और किच्छा के साथ मुख्य कृषि अधिकारी तथा जिला विकास अधिकारी को आवश्यक अधिकारी-कर्मचारी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें राजस्व कार्मिकों, राजकीय वाहन उपलब्ध कराने वाले अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों की तैनाती शामिल है।
जिला विकास अधिकारी को गदरपुर के लिए तीन अधिकारी और 15 कार्मिक तथा बाजपुर के लिए तीन अधिकारी और 15 कार्मिक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करेंगे। सभी टीमों को निर्धारित समय पर संबंधित एसडीएम कार्यालयों में रिपोर्ट करना होगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सर्वेक्षण, क्षति आकलन, प्रभावित किसानों की सूची तैयार करने और मुआवजा वितरण से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
बीरेंद्र सिंह सजवाण को ऊधम सिंह नगर में तहसीलदार की जिम्मेदारी
पत्नी के उपचार के मद्देनजर राजस्व परिषद ने संशोधित किया पूर्व आदेश
देहरादून/रुद्रपुर। उत्तराखंड राजस्व परिषद ने ऊधम सिंह नगर जिले में तैनात नायब तहसीलदार बीरेंद्र सिंह सजवाण की तैनाती को लेकर पूर्व में जारी आदेश में आंशिक संशोधन किया है। अब उन्हें उत्तरकाशी के स्थान पर ऊधम सिंह नगर जिले में तहसीलदार के रिक्त पद के सापेक्ष अस्थायी, तदर्थ एवं स्थानापन्न आधार पर प्रभारी तहसीलदार के रूप में तैनात किया गया है।
राजस्व परिषद के अध्यक्ष आनंद बर्द्धन की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, परिषद के पूर्व आदेश के तहत सजवाण को उत्तरकाशी जिले में तहसीलदार के रिक्त पद के सापेक्ष 364 दिनों के लिए तैनात किया गया था। इसके बाद जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर ने उनकी पत्नी के स्वास्थ्य उपचार का हवाला देते हुए उन्हें पुनः ऊधम सिंह नगर जिले में तैनात किए जाने का अनुरोध किया था।
जिलाधिकारी के पत्र में उल्लिखित तथ्यों के आधार पर राजस्व परिषद ने पूर्व आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए उनकी तैनाती ऊधम सिंह नगर जिले में करने का निर्णय लिया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संशोधन केवल तैनाती के स्थान तक सीमित रहेगा और पूर्व आदेश की अन्य शर्तें यथावत रहेंगी।
इस आदेश की प्रतिलिपि आयुक्त गढ़वाल एवं कुमाऊं मंडल, जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर एवं उत्तरकाशी, संबंधित मुख्य कोषाधिकारियों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स अवतार सिंह बिष्ट | रुद्रपुर
