काशीपुर से किच्छा तक धार्मिक आस्था को मिलेगा नया आधार, देहरादून और चंपावत में भी विकसित होंगे छठ पूजा स्थल
खटीमा, 2 नवंबर। उत्तराखंड में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने ऊधम सिंह नगर, देहरादून और चम्पावत जिलों में 20 नए छठ पूजा घाटों के निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा सोमवार को खटीमा में भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित 14वें दीपावली मेले में प्रतिभाग करते हुए की।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा से पूर्वांचल समाज सहित छठ महापर्व मनाने वाले हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। प्रस्तावित छठ घाटों का निर्माण काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा और किच्छा सहित विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा। इसके अतिरिक्त देहरादून के प्रेमनगर में टोंस नदी के दाहिने तट, विकासनगर के बाढ़वाला में यमुना नदी के किनारे तथा चम्पावत के बनबसा में भी छठ पूजा के लिए घाट विकसित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने दीपावली मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत विकास परिषद जैसे सामाजिक संगठन सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता के माध्यम से समाज को एकजुट करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार धार्मिक स्थलों के पुनरुत्थान, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आपदा से प्रभावित केदारनाथ धाम को भव्य और दिव्य स्वरूप देने का कार्य तेजी से आगे बढ़ा है। केदारखंड की तर्ज पर मानसखंड के पौराणिक मंदिरों और धार्मिक स्थलों का विकास भी प्राथमिकता से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर तथा मां शारदा के तट पर शारदा कॉरिडोर की परियोजनाओं पर लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत से काम आगे बढ़ रहा है। भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के अध्ययन को प्रोत्साहित करने के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना भी की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का अर्थ केवल सड़क, भवन और बुनियादी सुविधाओं का निर्माण नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, परंपराओं और विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना भी है। सरकार इसी सोच के साथ उत्तराखंड को विकास और सांस्कृतिक पहचान के नए आयाम देने में जुटी है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह, संतोष गौरव, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, महामंत्री रमेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय, हिमांशु बिष्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | अवतार सिंह बिष्ट, उत्तराखंड
देश-दुनिया की खबरों पर नजर
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 14वें दीपावली मेले में 20 नए छठ घाट बनाने की घोषणा की। ये घाट ऊधम सिंह नगर के काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा और किच्छा में बनाए जाएंगे। इसके अलावा देहरादून के प्रेमनगर और विकासनगर के बाढ़वाला तथा चम्पावत जिले के बनबसा में भी छठ पूजा घाट विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने धार्मिक-सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता जताई।
