ऊधम सिंह नगर में हीट वेव के चलते स्कूलों का समय बदला, 1 सप्ताह तक रहेंगे हाफ डे

Spread the love


ऊधम सिंह नगर में भीषण गर्मी और हीट वेव के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नितिन सिंह भदौरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों तथा सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों में आगामी एक सप्ताह तक अर्धदिवसीय (हाफ डे) व्यवस्था लागू की गई है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड


जारी आदेश के मुताबिक, 20 मई 2026 से अगले एक सप्ताह तक कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों का संचालन प्रातः 7:00 बजे से अपराह्न 11:30 बजे तक किया जाएगा। यह व्यवस्था ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित होने तक प्रभावी रहेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान में उत्तराखण्ड के मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी और हीट वेव की संभावना जताई गई है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण निर्जलीकरण (डिहाइड्रेशन) सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ गया है।
प्रशासन ने विशेष रूप से शिशुओं, छात्र-छात्राओं, गर्भवती एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। सभी विद्यालय प्रबंधन समितियों, संस्थान प्रमुखों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्देशों की अवहेलना करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।


Spread the love