पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में हालात पूरी तरह से बेकाबू हो चुके हैं. पाकिस्तानी सरकार की बर्बरता और 600 से ज्यादा सामाजिक कार्यकर्ताओं की सामूहिक गिरफ्तारी के बाद पूरे इलाके में जनता ने विद्रोह कर दिया है.

इस बीच, आंदोलन का नेतृत्व कर रहे ‘जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी’ (JAAC) के नेताओं ने भारत की तरफ हाथ बढ़ाते हुए जम्मू-कश्मीर के लोगों से सीधे मदद की गुहार लगाई है.

‘बॉर्डर पार के भाई हमारी मदद करें’

सोशल मीडिया पर इस वक्त जम्मू-कश्मीर जेएएसी के मुख्य सदस्य सरदार अमन खान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वे पाकिस्तानी हुकूमत के जुल्म और आटे-राशन की भारी किल्लत का रोना रोते हुए सीधे भारतीय हिस्से के लोगों को आवाज लगा रहे हैं. भारी भीड़ के सामने गरजते हुए सरदार अमन ने कहा, ‘मैं मेंढर, पुंछ, राजौरी और डोडा के लोगों से अपील करता हूं. हमारे इस हिस्से में राशन और दवाइयों की भारी कमी हो गई है. हमें आपकी मदद चाहिए, प्लीज हमारी मदद के लिए आगे आइए.’