दिनेशपुर में नकली आयुर्वेदिक दवा फैक्ट्री पर बड़ा छापा, आरोपी गिरफ्तारनितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर

Spread the love


नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर जिला प्रशासन ने मिलावटी और नकली आयुर्वेदिक दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिनेशपुर क्षेत्र में संचालित एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त टीम की छापेमारी में शुगर और मधुमेह के नाम पर तैयार की जा रही मिलावटी आयुर्वेदिक दवाओं का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड


उपजिलाधिकारी गदरपुर के नेतृत्व में जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर, पुलिस विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री परिसर में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान लगभग 7.5 कुंतल संदिग्ध आयुर्वेदिक औषधियां और करीब 70 हजार रुपये मूल्य की एलोपैथिक दवाएं बरामद की गईं। जांच में सामने आया कि एलोपैथिक दवाओं को आयुर्वेदिक औषधियों में मिलाकर नकली मधुमेह की दवा तैयार की जा रही थी।
प्रशासन के अनुसार, बरामद दवाओं के नमूने औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 की धारा 33EEC/33E के तहत परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए थे। लैब रिपोर्ट में दवाओं में मिलावट की पुष्टि होने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान वन विभाग की टीम ने फैक्ट्री परिसर से हिरण के सात कटे हुए सींग भी बरामद किए हैं। इस मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि जनपद में आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नकली और मिलावटी दवाओं के निर्माण तथा बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ प्रशासन पूरी सख्ती से कार्रवाई करेगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखने और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास नकली दवा निर्माण से जुड़ी कोई सूचना या साक्ष्य हो तो वह उपजिलाधिकारी गदरपुर या संबंधित विभागीय अधिकारियों को उपलब्ध कराए, ताकि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


Spread the love