रुद्रपुर। उत्तराखंड में निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और उनके सहयोगी शिक्षकों का सम्मान करते हुए रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया। रुद्रपुर सिटी क्लब में आयोजित इस कार्यक्रम में उन 11 बीएलओ और उनके सहयोगी शिक्षकों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने-अपने बूथों पर शत-प्रतिशत सत्यापन कार्य पूरा करते हुए एसआईआर प्रक्रिया को समय से पहले सफलतापूर्वक संपन्न किया।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
गौरतलब है कि उत्तराखंड निर्वाचन आयोग द्वारा 8 जून से मतदाता सूची शुद्धिकरण एवं विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत बीएलओ और उनके सहयोगी शिक्षकों को घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित कर गणना प्रपत्र वितरित करने, सत्यापन कराने तथा प्राप्त जानकारी को ऑनलाइन अपलोड करने की जिम्मेदारी दी गई है। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के कई बूथों पर इस कार्य को अत्यंत गंभीरता और समर्पण के साथ किया गया, जिसके परिणामस्वरूप कुछ बूथों ने मात्र 10 दिनों के भीतर ही शत-प्रतिशत सत्यापन का लक्ष्य हासिल कर लिया।
सम्मान समारोह के दौरान विधायक शिव अरोरा ने कहा कि जून माह की भीषण गर्मी के बीच बीएलओ और शिक्षकों ने जिस समर्पण भाव से कार्य किया है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जब लोग गर्मी के कारण घरों से कम निकल रहे थे, उस समय बीएलओ और शिक्षक लगातार घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे थे। उनके अथक प्रयासों के कारण कई बूथों पर न केवल गणना प्रपत्रों का वितरण पूर्ण हुआ, बल्कि उनका सत्यापन और ऑनलाइन अपलोडिंग भी सफलतापूर्वक संपन्न कर ली गई।
सम्मानित किए गए बीएलओ और शिक्षकों में बूथ संख्या 182 की बीएलओ दीपाली विश्वास एवं सहयोगी शिक्षक रेखा कुमारी और मीनू चौहान, बूथ संख्या 208 की बीएलओ अंजू रानी एवं शिक्षिका नीलम आर्य और सरिता सुखीजा, बूथ संख्या 209 की बीएलओ धर्मवती राय एवं शिक्षक बबिता विश्वकर्मा और ऋतुराज सिंह, बूथ संख्या 178 की बीएलओ शिखा एवं शिक्षक चित्रा और आशीष, बूथ संख्या 179 की बीएलओ रोजी एवं शिक्षक दीपा सरकार और गोकुल चंद, बूथ संख्या 181 की बीएलओ शिखा एवं शिक्षक मंजीत कौर और अनीता, बूथ संख्या 195 की बीएलओ मधुबाला एवं शिक्षक सपन हलदार और हेमा, बूथ संख्या 86 की बीएलओ राखी पाल एवं शिक्षक रुद्रानी शर्मा और भगवान सिंह, बूथ संख्या 51 की बीएलओ सुनीता चौरसिया एवं शिक्षक जयंत पंत और ललित भट्ट, बूथ संख्या 126 की बीएलओ बबिता मंडल एवं शिक्षक सुदीप मंडल और कमेश कुमार तथा बूथ संख्या 1 की बीएलओ रंजीता अरोरा एवं शिक्षक महेंद्र कुमार और वीरेंद्र जोशी शामिल रहे।
इस प्रकार कुल 11 बूथों के 33 अधिकारियों और शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। विधायक शिव अरोरा ने सभी सम्मानित कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना ही नहीं है, बल्कि अन्य बीएलओ और शिक्षकों को भी प्रेरित करने का प्रयास है ताकि वे भी अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
विधायक ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग की प्राथमिकता है, जिससे आगामी विधानसभा चुनावों में प्रत्येक पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग कर सके। उन्होंने कहा कि यदि मतदाता सूची सही और अद्यतन होगी तो चुनाव प्रक्रिया भी अधिक निष्पक्ष और प्रभावी होगी।
शिव अरोरा ने रुद्रपुर की जनता से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे समय रहते अपना एसआईआर सत्यापन अवश्य कराएं और क्षेत्र में कार्यरत बीएलओ का पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर बीएलओ शिविर लगाकर तथा घर-घर जाकर लोगों तक पहुंच रहे हैं। ऐसे में नागरिकों का भी दायित्व है कि वे आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर सत्यापन प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराने में सहयोग दें।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी से जुड़ा हुआ है। आने वाले विधानसभा चुनावों में मतदान का अधिकार सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का सत्यापन आवश्यक है। इसलिए सभी लोगों को इस प्रक्रिया को गंभीरता से लेते हुए सक्रिय सहयोग करना चाहिए।
विधायक ने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि रुद्रpur विधानसभा क्षेत्र के अन्य बूथों पर कार्यरत बीएलओ और शिक्षक भी आने वाले दिनों में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर एसआईआर अभियान तेज गति से चल रहा है और सभी अधिकारी पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना की और मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं पारदर्शी बनाने के लिए इसे आवश्यक बताया। सम्मान समारोह में सम्मानित बीएलओ और शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र चौधरी, जिला मंत्री गजेंद्र प्रजापति, मनोज मदान, मयंक कक्कड़, राज कोली, सन्नी पासवान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने सम्मानित अधिकारियों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्य की सराहना की और एसआईआर अभियान को सफल बनाने में सहयोग का आश्वासन दिया।
