रुद्रपुर/देहरादून।उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। आसमान साफ रहने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में चटख धूप खिली हुई है, जिससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हालांकि सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड का असर अभी भी बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का प्रकोप जारी है, हालांकि बीते दिनों की तुलना में इसकी तीव्रता में कुछ कमी देखी गई है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
सोमवार को पहाड़ से मैदान तक सुबह से ही आसमान साफ रहा और धूप खिली रही। देहरादून में पारा सामान्य से करीब चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। रात के समय तापमान में भारी गिरावट से ठंड और बढ़ गई। उत्तर भारत में कोहरे के चलते दून आने वाली उड़ानें भी प्रभावित रहीं, देहरादून हवाई अड्डे पर आठ फ्लाइट देरी से पहुंचीं।
आज का मौसम और चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार आज भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है, जबकि मैदानी इलाकों में सुबह के समय कोहरा छाने की आशंका है। राज्य के किसी भी जनपद में बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है।
हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा दृश्यता को प्रभावित कर सकता है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
देहरादून: अधिकतम 24.5, न्यूनतम 4.0
ऊधमसिंह नगर: अधिकतम 22.0, न्यूनतम 0.9
मुक्तेश्वर: अधिकतम 22.3, न्यूनतम 8.5
नई टिहरी: अधिकतम 19.6, न्यूनतम 3.3
आगे कैसा रहेगा मौसम? (रुद्रपुर–ऊधमसिंह नगर–नैनीताल)
रुद्रपुर/ऊधमसिंह नगर: अगले 24–48 घंटों में मौसम साफ रहेगा। दिन में धूप निकलने से हल्की गर्माहट रहेगी, जबकि सुबह-शाम ठंड बनी रहेगी। सुबह के समय कोहरा छा सकता है, जिससे दृश्यता कम हो सकती है।
नैनीताल/पर्वतीय क्षेत्र: मौसम शुष्क और साफ रहने की संभावना है। दिन में धूप से तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, लेकिन रातें ठंडी रहेंगी। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पाला पड़ने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
मौसम विभाग ने लोगों से सुबह-शाम गर्म कपड़ों का उपयोग करने और कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय फॉग लाइट व धीमी गति अपनाने की अपील की है।

