रुद्रपुर। रुद्रपुर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का रास्ता लगभग साफ हो गया है। प्रदेश केंद्रीय विद्यालय संगठन ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर केंद्रीय विद्यालय संचालन की अनुमति के लिए संयुक्त आयुक्त (कार्मिक), केंद्रीय विद्यालय संगठन, नई दिल्ली को पत्र भेज दिया है। अनुमति मिलते ही समाज कल्याण विभाग की अस्थायी भवन में केंद्रीय विद्यालय का संचालन शुरू किया जाएगा।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड।
इसी क्रम में विधायक शिव अरोरा ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दिवेश शाशनी के साथ ब्लॉक रोड स्थित समाज कल्याण विभाग की उस भवन का निरीक्षण किया, जिसे अस्थायी केंद्रीय विद्यालय के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह भवन पूर्व में कामकाजी महिलाओं के हॉस्टल के रूप में उपयोग में लाई जाती थी।
निरीक्षण के दौरान विधायक और सीडीओ ने भवन के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। सीडीओ दिवेश शाशनी ने बताया कि विकास प्राधिकरण द्वारा केंद्रीय विद्यालय के निर्धारित मानकों के अनुरूप भवन का निर्माण एवं विकास कार्य कराया जा रहा है। प्रतिदिन लगभग 40 श्रमिक कार्य में लगे हुए हैं और अगले 15 दिनों में निर्माण कार्य पूरा कर भवन विद्यालय संचालन के लिए तैयार कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा मानकों समेत सभी आवश्यक बिंदुओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर क्षेत्र के लिए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना एक बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने बताया कि बेहतर शिक्षा व्यवस्था के उद्देश्य से उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अजय भट्ट के समक्ष केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव रखा था, जिसके बाद सांसद अजय भट्ट के प्रयासों से विद्यालय को स्वीकृति मिली।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय के स्थायी परिसर के लिए आदित्य नाथ झा कॉलेज में शिक्षा विभाग की पांच एकड़ भूमि केंद्रीय विद्यालय के नाम हस्तांतरित की जा चुकी है और इससे संबंधित सभी औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं। केंद्रीय विद्यालय के संचालन के लिए आवश्यक दूसरे मानक, यानी अस्थायी भवन की व्यवस्था भी अब अंतिम चरण में है।
विधायक ने कहा कि जिला स्तर पर सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं और प्रदेश केंद्रीय विद्यालय संगठन की उपायुक्त प्रीति सक्सेना ने भी रुद्रपुर में केंद्रीय विद्यालय संचालन के प्रस्ताव पर सहमति देते हुए इसे नई दिल्ली भेज दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही अनुमति प्राप्त होगी और प्रयास रहेगा कि इसी शैक्षणिक सत्र से विद्यालय का संचालन शुरू हो जाए।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना रुद्रपुर में शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी और क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, जिला विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता नवीन नवानी, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष संदीप राव, वार्ड-25 पार्षद पति संतोष गुप्ता, उमेश पासरीचा, विक्की घई, मनोज मदान, नमन चावला, विक्की वाल्मीकि तथा मयंक कक्कड़ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
