महाराष्ट्र के नासिक स्थित कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल (CAATS) में पासिंग आउट परेड के बाद अपनी मंगेतर आरुषि को प्रपोज़ कर सोशल मीडिया पर चर्चा में आए आर्मी एविएशन अधिकारी कैप्टन भरत भारद्वाज अब सैन्य अधिकारियों की नजर में आ गए हैं। सूत्रों के अनुसार भारतीय सेना इस मामले को सैन्य प्रोटोकॉल और अनुशासन के दृष्टिकोण से देख रही है तथा उन्हें कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी किया जा सकता है।
हाल ही में आर्मी एविएशन पायलट के रूप में प्रशिक्षण पूरा करने वाले कैप्टन भरत भारद्वाज ने पासिंग आउट परेड और दीक्षांत समारोह के बाद अपनी मंगेतर को सेना के हेलीकॉप्टर के सामने घुटनों पर बैठकर विवाह का प्रस्ताव दिया था। इस दौरान वह औपचारिक सैन्य वर्दी में थे और आसपास परिवार, साथी अधिकारी तथा अतिथि मौजूद थे। प्रस्ताव स्वीकार किए जाने के बाद मौके पर तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
हालांकि सेना के भीतर इस घटना को लेकर अलग नजरिया सामने आया है। रिपोर्टों के अनुसार अधिकारियों की आपत्ति प्रस्ताव रखने पर नहीं, बल्कि एक आधिकारिक सैन्य समारोह, सैन्य परिसर और सैन्य संसाधनों को व्यक्तिगत आयोजन के लिए उपयोग किए जाने पर है। सेना का मानना है कि पासिंग आउट परेड जैसे कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत आयोजित किए जाते हैं, जिनकी मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है।
क्या कहता है भारतीय सेना का अनुशासन?
भारतीय सेना विश्व की सबसे अनुशासित सैन्य संस्थाओं में गिनी जाती है। सेना के अधिकारियों और जवानों से अपेक्षा की जाती है कि वे वर्दी, सैन्य प्रतिष्ठानों और आधिकारिक आयोजनों का उपयोग केवल निर्धारित सैन्य उद्देश्यों के लिए करें। व्यक्तिगत गतिविधियों को आधिकारिक सैन्य समारोहों से अलग रखने पर विशेष जोर दिया जाता है। सेना में “डेकोरम” (गरिमा), “प्रोटोकॉल” और “ऑफिसर लाइक कंडक्ट” को अत्यंत महत्व दिया जाता है।
फिलहाल भारतीय सेना की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार घटना का संज्ञान लिया गया है और संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा जा सकता है।
यह मामला अब सोशल मीडिया पर दो राय में बंट चुका है। एक वर्ग इसे प्रेम और उपलब्धि का भावनात्मक क्षण मान रहा है, जबकि दूसरा वर्ग सैन्य अनुशासन और परंपराओं के पालन को सर्वोपरि बता रहा है।
नासिक में मंगेतर को प्रपोज़ करना आर्मी अफसर को पड़ सकता है भारी, सैन्य प्रोटोकॉल पर उठे सवाल? वायरल प्रपोजल पर सेना सख्त, कैप्टन भरत भारद्वाज को मिल सकता है शो-कॉज नोटिस
