राज्य आंदोलनकारियों ने शुरू किया क्रमिक अनशन, नियुक्ति की मांग को लेकर जताया रोष

Spread the love


देहरादून, 15 जून। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त मंच ने राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को नियुक्ति न मिलने तथा अन्य लंबित मांगों के विरोध में सोमवार से कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पर क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। मंच का कहना है कि 10 प्रतिशत क्षेत्रीय आरक्षण की बहाली के बावजूद परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति नहीं दी गई है।


पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत संयुक्त मंच के संयोजक अंबुज शर्मा, सुनीता ठाकुर, पंकज रावत और राम किशन क्रमिक अनशन पर बैठे। आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे रानीपोखरी के पूर्व प्रधान पुष्पराज बहुगुणा ने कहा कि उनके क्षेत्र के कई राज्य आंदोलनकारी वर्षों से अपने मामलों के निस्तारण की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन आज तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड।


ऋषिकेश निवासी शैलेश सेमवाल ने बताया कि वर्ष 2013 में परीक्षा उत्तीर्ण करने के बावजूद उन्हें आज तक नियुक्ति नहीं मिली है। वहीं आंदोलनकारी आश्रित अभिषेक रावत ने कहा कि कनिष्ठ सहायक पद के 40 तथा पुलिस कांस्टेबल पद के 8 अभ्यर्थी परीक्षा पास करने के बाद पिछले दो माह से नियुक्ति के लिए भटक रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
देवप्रयाग से पहुंचे वरिष्ठ आंदोलनकारी दुर्गा प्रसाद ने मांग उठाई कि 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके ऐसे आंदोलनकारियों, जिनके आश्रित भी अब सरकारी नौकरी की आयु सीमा पार कर चुके हैं, उनकी पेंशन बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह की जाए।
इस बीच राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष सुभाष बड़थ्वाल ने दूरभाष पर जानकारी दी कि कार्मिक विभाग ने चयनित राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके आश्रितों के मामलों से संबंधित कैबिनेट नोट तैयार कर लिया है। इसे आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा। कैबिनेट की स्वीकृति के बाद विभाग नियमावली तैयार कर आयोग को भेजेगा और अनुमान है कि लगभग एक माह के भीतर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
हालांकि अनशन पर बैठे आंदोलनकारियों ने कहा कि वे पूर्व में कई बार सरकारी आश्वासनों का अनुभव कर चुके हैं, इसलिए इस बार तब तक आंदोलन जारी रहेगा जब तक उनकी सभी जायज मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती।
अनशन स्थल पर हरी प्रकाश शर्मा, मनोज कुमार, प्रभात डंडरियाल, नवनीत गुसाईं, अमित राणा तथा उत्तराखंड कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष संतान रावत सहित कई लोगों ने पहुंचकर समर्थन दिया।


Spread the love